SURGUJA: जिले में धान खरीदी कार्य जारी………….अब तक 58,559 क्विंटल धान की हुई खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत सरगुजा जिले में धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार, 26 नवंबर तक जिले में कुल 1178 किसानों से 58,559 क्विंटल धान की खरीदी 46 समितियों के माध्यम से की जा चुकी है। इस वर्ष जिले में धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य 3,51,073 क्विंटल निर्धारित किया गया है।
किसानों को 72 घंटे में भुगतान
धान विक्रय के बाद किसानों को 72 घंटे के भीतर उनके बैंक खाते में भुगतान किया जा रहा है। भुगतान प्रक्रिया पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से की जा रही है, जिससे सीधे किसानों के खाते में राशि पहुंच रही है। कलेक्टर श्री विलास भोसकर के मार्गदर्शन में इस कार्य को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।
व्यवस्था और निगरानी पर विशेष ध्यान
धान उपार्जन केंद्रों पर बेहतर व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण धान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी अवैध धान खरीदी और परिवहन पर भी कड़ी निगरानी रख रहे हैं। जिला प्रशासन की टीम द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है, जिससे व्यवस्था में कोई कमी न हो।
सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए गए इन कदमों से जिले के किसान लाभान्वित हो रहे हैं, और धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है।