SURGUJA: जिले में धान खरीदी महाअभियान की हुई शुरुआत…………सरगुजा जिले के जमगला धान उपार्जन केंद्र में कलेक्टर ने किया शुभारंभ

प्रदेशभर में 14 नवंबर से धान खरीदी महाअभियान का आगाज हो चुका है। सरगुजा जिले में इस अभियान की शुरुआत कलेक्टर श्री विलास भोसकर ने लखनपुर विकासखंड के जमगला धान उपार्जन केंद्र में की। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री भोसकर, पूर्व सांसद श्री कमलभान सिंह, और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने धान बेचने आए किसानों का पुष्प माला और मिठाई से स्वागत किया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे की पूजा-अर्चना कर धान तौलने की प्रक्रिया का आरंभ किया गया।
किसानों का आभार और उत्साह
बिनकरा निवासी किसान श्री भानु राजवाड़े अपने पिता के साथ 180 बोरी धान लेकर केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया और बताया कि धान खरीदी हेतु सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की गई हैं। इसी प्रकार, बालचंद राजवाड़े, जो कि बिनकरा गांव के ही किसान हैं, ने बताया कि उनका 180 क्विंटल धान का टोकन कटा है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था से वे बेहद संतुष्ट हैं और उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री तथा सरकार का आभार जताया।
39 सहकारी समितियों के अंतर्गत 54 उपार्जन केंद्रों पर होगी धान खरीदी
सरगुजा जिले में 39 आदिम जाति सहकारी समितियों के अंतर्गत 54 धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं। पहले दिन 8 उपार्जन केंद्रों पर किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन कटवाया। इस साल जिले में 3,51,074 एमटी धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा में धान खरीदी जाएगी, जिससे किसानों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
जिला खाद्य अधिकारी और अन्य अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी श्री चित्रकांत ध्रुव, डीएमओ श्री अरुण विश्वकर्मा, और खंड स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने धान खरीदी प्रक्रिया की निगरानी की और सुनिश्चित किया कि किसानों को कोई असुविधा न हो।