ASIAN GAMES 2023: भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियाई खेलों में अपनी चुनौती पेश करने के लिए है तैयार…………..इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें

भारतीय पुरुष हॉकी टीम अब एशियाई खेलों में अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार है।पिछले महीने भारतीय टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी को अपने नाम किया था। उस टूर्नामेंट के खिताबी मैच में भारत ने मलेशिया को 4-3 से हराया था।अब 23 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों में भी भारत अपनी लय को बरकरार रखने का प्रयास करेगा।इस बीच भारत के इतिहास, शेड्यूल और अन्य सभी जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
भारत ने जीते हैं 3 स्वर्ण
एशियाई खेलों के इतिहास में भारतीय टीम ने 1966, 1998 और 2014 में कुल 3 स्वर्ण पदक जीते।भारत के 9 रजत पदक साल 1958, 1962, 1970, 1974, 1978, 1982, 1990, 1994 और 2002 में जीते हैं। इनके अलावा भारत ने क्रमशः 1986, 2010 और 2018 में कांस्य पदक जीते हैं।बता दें कि पाकिस्तान ने एशियाई खेलों में सबसे अधिक स्वर्ण पदक (8) जीते हैं। दक्षिण कोरिया (4) इस सूची में दूसरे स्थान पर है।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय हॉकी टीम
गोलकीपर: कृष्ण बहादुर पाठक और पीआर श्रीजेश।डिफेंडर: वरुण कुमार, अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), संजय, सुमित।मिडफील्डर: नीलकंठ शर्मा, हार्दिक सिंह (उप-कप्तान), मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, शमशेर सिंह।फॉरवर्ड: अभिषेक, गुरजंत सिंह, मंदीप सिंह, सुखजीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय।मुख्य कोच: क्रेग फुल्टन।
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
कप्तान हरमनप्रीत सिंह भारत के लिए अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने 191 मैचों में 155 गोल किए हैं और वह भारत के लिए तीसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं।वह पेनल्टी कॉर्नर में अपनी उपयोगिता सिद्ध करना चाहेंगे। मंदीप सिंह ने 218 मैचों में 102 गोल किए हैं।गोलकीपर पीआर श्रीजेश भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने 301 मैचों में देश का प्रतिनिधित्व किया है।
पूल-A में मौजूद है भारतीय हॉकी टीम
आगामी एशियाई खेलों के लिए भारत पूल-A में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, जापान, बांग्लादेश, सिंगापुर और उज्बेकिस्तान के साथ है।भारत अपने अभियान की शुरुआत 24 सितंबर को उज्बेकिस्तान के खिलाफ करेगा। इसके बाद 26 सितंबर को सिंगापुर और 28 सितंबर को जापान के खिलाफ मैच खेलेंगे।भारतीय टीम 30 सितंबर को पाकिस्तान से खेलेगी और उसके बाद 2 अक्टूबर को बांग्लादेश से भिड़ेगी।सेमीफाइनल 4 अक्टूबर को जबकि फाइनल और तीसरे स्थान का प्लेऑफ 6 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
राउंड रॉबिन प्रारूप में खेला जाएगा टूर्नामेंट
एशियाई खेलों में सभी टीमों को 2 पूल में बांटा गया है। राउंड रोबिन के अंतर्गत प्रत्येक टीम अपने ग्रुप में एक-दूसरे के खिलाफ 1-1 मैच खेलेगी और शीर्ष 2 टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।

- संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- रोजगार की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- शिक्षा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
