ORDER OF ST. ANDREW THE APOSTLE : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिला रूस का सर्वोच्च सम्मान………….बोले- ये दोनों देशों की दोस्ती का प्रतीक

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को रूस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल से सम्मानित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय रूस की यात्रा में मॉस्को पहुंचे हैं। बता दें कि इस सम्मान की घोषणा 2019 में की गई थी। रूस के बाद पीएम मोदी दो दिन के ऑस्ट्रिया दौरे पर जाएंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने आतंकवाद, आपसी सहयोग और शांति बहाली पर चर्चा की। बता दें कि रूस से पहले भूटान, मिस्र और फ्रांस समेत कई देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित कर चुके हैं।
पीएम मोदी को पुतिन ने तहे दिल से दी बधाई
रूसी राष्ट्रपति ने कहा ने कहा कि प्रिय मित्र, मैं तहे दिल से आपको इस सर्वोच्च रूसी पुरस्कार के लिए बधाई देता हूं। आपके अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना करता हूं। भारत के मैत्रीपूर्ण लोगों के लिए शांति और समृद्धि की कामना करता हूं।
पीएम मोदी की यह यात्रा बेहद सफल: सर्गेई लावरोव
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि मुझे लगता है कि यह यात्रा बहुत सफल रही। पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने द्विपक्षीय एजेंडे के हर पहलू पर चर्चा की। अंतर्राष्ट्रीय स्थिति, जी-20, ब्रिक्स, शंघाई सहयोग संगठन और संयुक्त राष्ट्र में हमारे सहयोग पर चर्चा हुई, जहां हम सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनाने के लिए भारत का समर्थन करते हैं। दोनों देशों के बीच तालमेल है। द्विपक्षीय एजेंडे के कार्यों और अंतरराष्ट्रीय नीतियों से जुड़े मुद्दों पर समझ बिल्कुल एक जैसी है। मुझे यकीन है कि यह यात्रा से सभी क्षेत्रों में बहुत अधिक बढ़ावा मिलेगा।
राष्ट्रपति पुतिन का हृदय से आभार- पीएम मोदी
ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्र्यू एपोस्टल अवॉर्ड पुरस्कार ग्रहण करने के बाद पीएम मोदी ने कहा, ‘रूस के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करने के लिए मैं हृदय से राष्ट्रपति पुतिन का आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान केवल मेरा सम्मान नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। यह, भारत और रूस की सदियों पुरानी गहरी मित्रता और आपसी विश्वास का सम्मान है। ये हमारी कूटनीतिक साझेदारियों का सम्मान है। पिछले लगभग ढाई दशक से आपके नेतृत्व में भारत और रूस के संबंध हर दिशा में मजबूत हुए और हर बार नई ऊंचाईयों को प्राप्त करते रहे हैं। आपने दोनों देशों के बीच जिन संबंधों की नींव रखी थी, वो गुजरते समय के साथ और मजबूत होकर निखरे हैं। हमारा पारस्परिक सहयोग, हमारे लोगों की बेहतर भविष्य की उम्मीद भी बन रहा है।’
पीएम मोदी को इन देशों ने दिए ये पुरस्कार
बता दें कि पीएम मोदी को वर्ष 2016 में अफगानिस्तान द्वारा स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान, फरवरी 2018 में फिलिस्तीन द्वारा ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन, अक्तूबर 2018 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा यूएन चैंपियन ऑफ द अर्थ अवार्ड दिया गया था। वहीं, अप्रैल 2019 में यूएई द्वारा ऑर्डर ऑफ जायद और अप्रैल 2019 में ही रूस द्वारा ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा, पीएम मोदी को जून 2019 में मालदीव से ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश्ड रूल ऑफ इज़ुद्दीन, अगस्त 2019 में बहरीन द्वारा किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां, दिसंबर 2020 में अमेरिका द्वारा लीजन ऑफ मेरिट, दिसंबर 2021 में भूटान द्वारा ऑर्डर ऑफ द ड्रैगन किंग और इस साल मई में फिजी द्वारा ऑर्डर ऑफ फिजी और पापुआ न्यू गिनी द्वारा ऑर्डर ऑफ लोगोहू से सम्मानित किया गया था।
ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्र्यू एपोस्टल क्या है?
‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्र्यू एपोस्टल’ अवॉर्ड रूस का सर्वश्रेष्ठ सम्मान है। इसकी शुरुआत वर्ष 1698 में त्सार पीटर महान (Tsar Peter the Great) ने की थी। उन्होंने सेंट एंड्रयू के सम्मान में इसकी शुरुआत की थी। सेंट एंड्रयू , यीशू (Jesus) के पहले प्रचारक थे।