CHHATTISGARH: राज्य में अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का होने वाला है आयोजन…..23 खेल, 300 प्रतियोगिताएं और 3000 खिलाड़ी लेंगे भाग

भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष छत्तीसगढ़ में किया जा रहा है। 1992 में शुरू की गई इस प्रतियोगिता का उद्देश्य वन विभाग के विभिन्न स्तरों के कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच समन्वय को बढ़ावा देना और खेल गतिविधियों के प्रति रुचि जगाना है। छत्तीसगढ़ तीसरी बार इस आयोजन की मेजबानी कर रहा है।
उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी
16 अक्टूबर 2024 को होने वाले उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय वनमंत्री श्री भूपेन्द्र यादव, बिहार सरकार के सहकारिता एवं वन मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, केन्द्रीय वन विभाग सचिव लीना नंदन, वन महानिदेशक श्री जितेन्द्र कुमार और भारतीय क्रिकेट टी-20 टीम के कप्तान श्री सूर्यकुमार यादव विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
3000 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग
इस वर्ष की प्रतियोगिता में 23 खेलों की 300 विभिन्न विधाओं में लगभग 3000 खिलाड़ी भाग लेंगे। इसमें 584 महिला खिलाड़ी और 2320 पुरुष खिलाड़ी शामिल होंगे। इस आयोजन में 29 राज्य, 8 केन्द्र शासित प्रदेश, 6 वानिकी संस्थान और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधिकारी व कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य
अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का उद्देश्य वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी सामंजस्य और सौहार्द की भावना को बढ़ावा देना है। यह प्रतियोगिता वन विभाग के कर्मचारियों के धैर्य, एकाग्रता और साहस को भी प्रोत्साहित करती है, जिससे खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिल सके।
खेल नियमों का पालन और विशेषज्ञों की निगरानी
प्रतियोगिता में सभी खेल नियमों और मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा। खेल विशेषज्ञों की देखरेख में प्रतियोगिताएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न होंगी, जिससे सभी प्रतिभागियों को समान अवसर मिल सके।
पदक और ट्रॉफियों का वितरण
प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल दिए जाएंगे। साथ ही, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों को विनर और रनरअप ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी।
समापन समारोह में गोल्डन गर्ल मनु भाकर होंगी शामिल
20 अक्टूबर 2024 को होने वाले समापन समारोह में ओलंपिक 2024 में शूटिंग में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली गोल्डन गर्ल सुश्री मनु भाकर विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
खेल प्रतियोगिताओं की विशेषताएँ
प्रतियोगिता में क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, चेस, ब्रिज जैसी प्रमुख इंडोर और आउटडोर खेल शामिल होंगे। इसके साथ ही एथलेटिक्स के सभी प्रमुख खेल भी आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों के ठहरने और मैदान की सभी सुविधाएं पूरी तरह से तैयार कर ली गई हैं, जिससे यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।