SURGUJA: जिलें में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका होंगी सम्मानित………..15 नवंबर को श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी सम्मानित

महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार, आगामी 15 नवंबर 2024 को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में जिलास्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वे जिले के चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित करेंगी।
जिले के हर बाल विकास परियोजना से सम्मानित होंगी एक-एक कार्यकर्ता व सहायिका
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्री अतुल सिंह परिहार ने बताया कि इस समारोह में जिले की सभी बाल विकास परियोजनाओं से एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को सम्मानित किया जाएगा। ये सम्मान वर्ष 2023-24 में उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया जाएगा।
पंचायत और परियोजना स्तर पर भी हुआ सम्मान
शासन के निर्देशानुसार, पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर पंचायत अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया है। इसके अलावा परियोजना स्तर पर भी सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर सभी सेक्टरों से चयनित एक-एक कार्यकर्ता और सहायिका को सम्मानित किया गया है। अब प्रत्येक परियोजना से चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
राज्य स्तर पर भी मिलेगा उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान
श्री परिहार ने यह भी बताया कि इन्हीं कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की जानकारी एक प्रपत्र में राज्य स्तर पर भेजी जाएगी। इस प्रपत्र में जिले से चयनित एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका शामिल होंगी, जिन्हें राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान समारोह का उद्देश्य
यह सम्मान समारोह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने और उन्हें समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सराहना प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।