SURGUJA: अवैध धान पर प्रशासनिक कार्रवाई तेज………….अलग-अलग जगहों से 290 क्विंटल अवैध धान जब्त

शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए धान खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है। सरगुजा जिले में कलेक्टर श्री विलास भोसकर के मार्गदर्शन में धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों द्वारा उपार्जन केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया जा रहा है और अवैध धान खरीदी, भंडारण, और परिवहन पर नजर रखी जा रही है।
290 क्विंटल अवैध धान किया गया जब्त
मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने अम्बिकापुर के ग्राम खाला स्थित महामाया ट्रेडिंग (राजेन्द्र अग्रवाल) के गोदाम से 126 क्विंटल और ग्राम कंठी स्थित निकेत ट्रेडिंग (मदनलाल अग्रवाल) के गोदाम से 104 क्विंटल अवैध धान जप्त किया।
बुधवार को उदयपुर ब्लॉक के ग्राम खम्हरिया में सुनील गुप्ता की दुकान से 10 क्विंटल, ग्राम सलका में अनिल गुप्ता की दुकान से 30 क्विंटल और ग्राम कुन्नी में संतोष यादव की दुकान से 20 क्विंटल धान जब्त किया गया।
सख्त कार्रवाई जारी
प्रशासनिक टीम की कार्रवाई के दौरान कुल 290 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। जिले में कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक टीम अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखे हुए है। अवैध भंडारण और परिवहन में लिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
निगरानी और जांच जारी
सरकार की सख्ती के तहत अधिकारियों की टीम फील्ड में लगातार दौरा कर रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन की यह कार्रवाई धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।